Loading...

54 लाख से अधिक कीमत का नशा राख, सिरमौर पुलिस ने माल गोदाम से नष्ट किए चरस, चूरा पोस्त और हजारों कैप्सूल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस पर सिरमौर पुलिस ने माल गोदाम में सुरक्षित रखे 54 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जब्त मादक पदार्थों को सरकारी इंसिनरेटर में नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान 11.508 किलो चरस, 71.020 किलो चूरा पोस्त और 3704 नशीली गोलियां व कैप्सूल ध्वस्त किए गए। पुलिस ने इसे “चिट्टा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश बताते हुए लोगों से नशे से जुड़ी सूचना साझा करने की अपील की।

नाहन

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस पर जिला सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माल गोदाम में सुरक्षित रखे गए करोड़ों नहीं बल्कि लाखों रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों को सरकारी इंसिनरेटर में नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में नशे के कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है।
पुलिस विभाग के अनुसार एनडीपीएस अधिनियम के विभिन्न मामलों में जब्त 11.508 किलोग्राम चरस, 71.020 किलोग्राम चूरा पोस्त तथा 3704 नशीली दवाइयों एवं कैप्सूलों को नियमानुसार पूरी तरह नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 54 लाख 26 हजार 600 रुपये आंका गया है।
यह कार्रवाई प्रदेश सरकार के “चिट्टा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत राज्यभर में एक साथ की गई। माननीय मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) की वर्चुअल उपस्थिति में विभिन्न जिलों में जब्त मादक पदार्थों को सरकारी इंसिनरेटर में भस्मीभूत किया गया।
पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य ड्रग माफिया और नशा तस्करों को सख्त संदेश देना, युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा समाज को नशे के खिलाफ एकजुट करना है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे की तस्करी, बिक्री या सेवन से जुड़ी कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।