Loading...

शिमला / सरकारी स्कूल में शिक्षिका ने छात्रा से सहपाठियों को मरवाए थप्पड़, मामला दर्ज

By हिमाचलनाउ डेस्क Published: 26 Mar 2025, 8:55 AM | Updated: 26 Mar 2025, 8:55 AM 1 min read

शिमला के एक प्रतिष्ठित सरकारी स्कूल में एक शिक्षिका द्वारा छात्रा से सहपाठियों को थप्पड़ मरवाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर छोटा शिमला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है। 10 वर्षीय पीड़ित छात्रा की मां की शिकायत पर शिक्षिका के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित छात्रा की मां के अनुसार, संस्कृत की कक्षा के दौरान शिक्षिका ने बच्चों को शब्दों के अर्थ याद करने को कहा था। जब कुछ छात्र सही उत्तर नहीं दे पाए, तो शिक्षिका ने उनकी बेटी को खड़ा कर उनके गालों पर थप्पड़ मारने का आदेश दिया

डरी-सहमी छात्रा ने हल्के थप्पड़ मारे, लेकिन शिक्षिका ने उसे जोरदार थप्पड़ मारते हुए कहा कि इस तरह थप्पड़ मारे जाते हैं। इसके बाद शिक्षिका ने दो अन्य छात्राओं को भी थप्पड़ जड़ दिए।

पुलिस जांच जारी

छात्रा की मां द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने बीएनएस धारा 115(2) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपित शिक्षिका को जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।