Loading...

सरकारी गाड़ी से चिट्टा बरामद, 18.5 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 27 Jun 2025 • 1 Min Read

बिलासपुर

फोरलेन पर सरकारी ड्यूटी लिखी कार से पकड़ा गया चिट्टा, दो गिरफ्तार

पुलिस थाना सदर के अंतर्गत गुरुवार शाम एक बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान सरकारी ड्यूटी लिखी एक कार से 18.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। यह कार्रवाई कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी के पास की गई। इस दौरान कार में सवार दो लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान गाड़ी से मिली पॉलीथिन में चिट्टा
मुख्य आरक्षी अभिनंदन अपनी टीम के साथ फोरलेन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे एक कार (HP 01B-1566) मौके पर पहुंची, जिस पर “ओनली फॉर गवर्नमेंट ड्यूटी” लिखा हुआ था। शक के आधार पर जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसके आर्म रेस्ट से एक सफेद पॉलीथिन लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें चिट्टा पाया गया।

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान टीपू सुल्तान (33) निवासी गांव हटवाड़, तहसील घुमारवीं, और देवराज (42) निवासी गांव दयोला-छम्ब, डाकघर हरनोडा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस कर रही गहन जांच
एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि सरकारी ड्यूटी की आड़ में नशा तस्करी का नेटवर्क तो नहीं चल रहा था। आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।