Loading...

NDPS / बंगाणा के धुंदला में युवक के घर से अफीम, चरस और लाखों की नकदी बरामद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

NDPS : उपमंडल बंगाणा के धुंदला क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के घर से अफीम, चरस, अवैध शराब और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऊना/बंगाणा/वीरेंद्र बन्याल

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धुंदला गांव में रहने वाला एक युवक अपने घर में नशीले पदार्थ और अवैध शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव धुंदला में मुनीश कुमार उर्फ मनी पुत्र जुगल किशोर के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को 48.52 ग्राम अफीम और 17.78 ग्राम चरस बरामद हुई।

इसके अलावा पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब भी जब्त की। बरामद शराब में 7 बोतल संतरा देसी शराब, 4 बोतल रॉयल स्टैग, 22 बोतल रॉयल जनरल और 12 बोतल एमसी डॉवेल्स शामिल हैं। पुलिस ने घर से भारतीय मुद्रा के कुल 4 लाख 69 हजार 120 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। वहीं अमेरिका की करंसी के दो नोट भी जांच के दायरे में लिए गए हैं।

नकदी और विदेशी मुद्रा की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 18 और 20 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 39(1)(ए) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद नकदी और विदेशी मुद्रा के स्रोत की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन, बैंक खातों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं तथा नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस टीम ने देर शाम तक घर की गहन तलाशी ली और कई दस्तावेज भी कब्जे में लिए। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Topics: