Loading...

Crime / आठ साल से फरार उद्घोषित अपराधी ठियोग से गिरफ्तार, चोरी और सेंधमारी मामले में था वांछित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 46 Mins Ago • 1 Min Read

Crime : जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम नाहन ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना राजगढ़ में चोरी और सेंधमारी का मामला दर्ज था।

नाहन/राजगढ़

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जय प्रकाश पुत्र सुंदर सिंह निवासी गांव धैला दयोठी, डाकघर शरगांव, तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर के रूप में हुई है। आरोपी थाना राजगढ़ में दर्ज अभियोग संख्या 42/18 दिनांक 12 अगस्त 2018 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 457 और 380 में वांछित चल रहा था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार था। लंबे समय तक अदालत में पेश न होने के कारण न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। पुलिस की पीओ सेल टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पीओ सेल नाहन की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को ठियोग से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। जिला पुलिस ने कहा कि फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।