सिरमौर की निधि ने पास की यूपीएससी की परीक्षा, देशभर में पाया 691वां रैंक
HNN/ नाहन
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सिरमौर की बेटी ने कड़ी मेहनत कर सफलता की उड़ान भरी है। विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर की होनहार बेटी निधि चौधरी ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में देशभर में 691वां रैंक हासिल किया। नाहन तहसील के त्रिलोकपुर गांव की निधि चौधरी गुर्जर समाज से ताल्लुक रखती हैं।
निधि के पिता धनीराम चौधरी भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल में बतौर डीएसपी कार्यरत हैं, जबकि माता जसविंदर कौर गृहिणी हैं। निधि ने अपनी हाई स्कूल तक की शिक्षा पंचकूला हरियाणा से पूरी की, जबकि वरिष्ठ माध्यमिक और कॉलेज स्तर की शिक्षा चंडीगढ़ से उतीर्ण की है। निधि बीएससी बायोटेक करने के बाद यूपीएससी की तैयारी में जुट गई थी।
निधि की इस उपलब्धि पर गुर्जर समाज कल्याण परिषद जिला सिरमौर ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। गुर्जर समाज कल्याण परिषद के जिला अध्यक्ष राजकुमार गुर्जर ने बताया कि निधि ने पूरे गुर्जर समाज के साथ साथ प्रदेश का नाम रोशन किया है। उधर, निधि चौधरी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को दिया है।