Loading...

गिरिपार में बैशाखी की अनोखी परंपरा कायम, पेड़ों पर लगे बाबड़ी के झूले

PRIYANKA THAKUR • 3 Hours Ago • 1 Min Read

Himachalnow / सिरमौर

गिरिपार क्षेत्र में बैशाखी पर्व पर पेड़ों पर बाबड़ी के झूले लगाने की अनोखी परंपरा आज भी पूरे उत्साह के साथ निभाई जा रही है। इस दौरान पारंपरिक रस्मों के साथ गांवों में झूले लगाए गए और लोग इसे शुभ मानकर आनंद लेते हैं। वहीं बिशुड़ी उत्सव और चूड़धार में शिरगुल महाराज के कपाट खुलने से क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।

संगड़ाह

सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में सदियों पुरानी लोक परंपराएं आज भी जीवंत हैं। बैशाखी पर्व पर यहां पेड़ों पर झूले लगाने की अनोखी परंपरा आज भी पूरे उत्साह के साथ निभाई जा रही है।सोमवार शाम पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ताल पर रस्सा-कशी और पींग फांदने की रस्म के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बाबड़ी घास से तैयार मोटी रस्सियों के झूले पेड़ों पर डाले गए। इन झूलों पर झूलना बच्चे ही नहीं, बल्कि बड़े भी शुभ मानते हैं।करीब तीन लाख की आबादी वाले गिरिपार क्षेत्र की लगभग 155 पंचायतों में बैशाखी के मौके पर लोग अपने कुल देवताओं को नया अनाज अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। यहां इस पर्व को दो दिन तक मनाया जाता है। दूसरे दिन को ‘बिशु रो साजो’ के रूप में मनाया जाता है, जिसके साथ ही शिलाई, संगड़ाह, राजगढ़ और कफोटा क्षेत्रों में बिशु मेलों का दौर शुरू हो जाता है।

बैशाख संक्रांति के पावन अवसर पर चूड़धार स्थित शिरगुल महाराज मंदिर के कपाट भी अगले छह माह के लिए खोल दिए गए हैं। हालांकि यहां भंडारे का आयोजन अगले माह से शुरू किया जाएगा।बिशु मेलों के दौरान तीर-कमान से महाभारत का सांकेतिक युद्ध विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। वहीं, बैशाखी की पूर्व संध्या पर कई गांवों में सामूहिक रूप से बकरा काटने की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसे ‘बिशवाड़ी’ कहा जाता है।

गिरिपार क्षेत्र की विशेषता यह भी है कि यहां अन्य त्योहार भी अनूठे अंदाज में मनाए जाते हैं। लोहड़ी पर बड़ी संख्या में बकरे काटे जाते हैं, गुगा नवमी पर भक्त कठिन धार्मिक अनुष्ठान करते हैं, जबकि भैया दूज को सास-दामाद दूज के रूप में मनाने की परंपरा है।स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, खरमास की समाप्ति और सूर्य देव के मेष राशि में प्रवेश के साथ बिशुड़ी उत्सव का शुभारंभ होता है। यह पर्व क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।