चंबा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
चंबा की पहचान बना मिंजर मेला
जिला मुख्यालय चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। उन्होंने कहा कि मिंजर मेला न केवल चंबा की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, बल्कि यह देश-विदेश में जिले की पहचान भी है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
27 जुलाई से 3 अगस्त तक मनेगा मेला
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि इस वर्ष मिंजर मेला 27 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक पारंपरिक रूप से श्रावण मास के दूसरे रविवार से अगले रविवार तक आयोजित किया जाएगा। मेले का मुख्य आयोजन स्थल चौगान नंबर-1 रहेगा। व्यापारिक गतिविधियों की अवधि पूर्व प्रथा अनुसार 15 दिन तक चलेगी।
सांस्कृतिक संध्याएं और थीम पर चर्चा
मेले के दौरान कला केंद्र चौगान में 8 सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा, जिसमें एक संध्या को रात 12 बजे तक चलने की अनुमति दी गई है, जबकि शेष कार्यक्रम रात 10 बजे तक समाप्त किए जाएंगे। बैठक में मिंजर मेले के लिए थीम निर्धारण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आमंत्रण कार्ड, परिवहन व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधा, खेलकूद प्रतियोगिताओं और चौगान रखरखाव पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मेले की तैयारी में अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि आयोजन में कोई कमी न रह जाए। उन्होंने मेला कमेटी की उप समितियों के सुझावों को सराहा और उन्हें समावेशित करने का आश्वासन भी दिया।
बैठक में शामिल रहे अधिकारी व जनप्रतिनिधि
इस बैठक में विधायक नीरज नैयर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एडीएम अमित मेहरा, एसडीएम प्रियांशु खाती, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और अन्य विभागों के अधिकारी एवं मिंजर मेला समितियों के संयोजक और सदस्य मौजूद रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group