Loading...

अंबेडकर भवन के पास स्विमिंग पूल में विद्युत कर्मचारी की डूबने से मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 May 2025 • 1 Min Read

अंब/वीरेंद्र बन्याल

स्विमिंग पूल में नहाने गया कर्मचारी डूबा

अंब-ऊना मुख्यमार्ग पर अंबेडकर भवन के समीप स्थित ग्राम पंचायत कुठेड़ा खैरला में स्विमिंग पूल में नहाने गए विद्युत कर्मचारी की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय कुमार (32) पुत्र सोहन लाल निवासी रोहिन जोल तहसील घुमारवीं (बिलासपुर) के रूप में हुई है।

साथियों के साथ छुट्टी के बाद पहुंचा था पूल

अजय कुमार 132 केवी सब-स्टेशन अंब में एसएसए के पद पर पिछले सात वर्षों से कार्यरत था। छुट्टी के बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया। सभी ने पर्ची कटवाई और अजय सबसे पहले पानी में उतरा। अचानक वह पानी में फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया।

डॉक्टर ने अस्पताल में मृत घोषित किया

स्विमिंग पूल के कर्मियों ने अजय कुमार को जैसे-तैसे पानी से बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही इस स्विमिंग पूल का उद्घाटन हुआ था।

पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेजा

एसएचओ अंब अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।