Accident / लडभड़ोल में 200 फुट गहरी खड्ड में गिरी कार, छह युवकों की मौत
Accident / मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खड्ड में गिर गई। हादसे में कार सवार छह युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी शव खड्ड से बाहर निकाले और कब्जे में लिए। दुर्घटना के वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुए हैं तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मंडी/जोगिंद्रनगर
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी युवक मंगलवार को एक समारोह में शामिल होने गए थे। बुधवार सुबह तक उनके घर नहीं लौटने पर चिंतित परिजनों ने पुलिस की सहायता से तलाश शुरू की। इसी बीच लडभड़ोल पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहे एक बाइक सवार की नजर खड्ड में दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। उसने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। आशंका है कि मंगलवार देर रात समारोह से लौटते समय कार अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई थी।
गहरी खड्ड में गिरने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग सहायता के लिए खड्ड में उतरे और कार सवारों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर लडभड़ोल पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी शव बाहर निकाले और दुर्घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
मृतकों की पहचान सिमस निवासी आयुष राय (21), अनुज कुमार (18) और यश राय (14), गवाला निवासी पंकज कुमार (17) और अर्णव ठाकुर (15) तथा दरोब निवासी आदित्य कुमार (17) के रूप में हुई है। तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन ने प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन कर रही है।
