Loading...

हादसा / सीर खड्ड पुल से दो नाबालिग युवतियों ने लगाई छलांग, एक की मौत; दूसरी की तलाश जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 47 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा / घुमारवीं शहर के सीर खड्ड पुल से रविवार शाम करीब छह बजे दो नाबालिग युवतियों ने खड्ड में छलांग लगा दी। पुलिस, स्थानीय युवकों और बचाव दल ने तलाशी अभियान चलाकर एक युवती का शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरी का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। दोनों युवतियों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घुमारवीं

घटना की सूचना मिलते ही पुल और आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे सड़क पर वाहनों का जमावड़ा लग गया। बचाव दल ने खड्ड में दोनों युवतियों की तलाश शुरू की और अभियान के दौरान स्थानीय बताई जा रही एक युवती का शव बरामद किया। वह बरमाणा क्षेत्र में रहती थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं में रखा गया है। दूसरी युवती को प्रवासी बताया गया है और उसकी तलाश जारी है।

अंधेरा होने के कारण रोकना पड़ा अभियान

रविवार रात अंधेरा अधिक होने और खड्ड का पानी बेहद ठंडा होने के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा। पुलिस और बचाव दल सोमवार सुबह दूसरी युवती की तलाश के लिए दोबारा अभियान शुरू करेंगे। एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि एक युवती का शव मिल चुका है, जबकि दूसरी की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों ने यह कदम किन कारणों से उठाया।

पुल पर ऊंची जालीदार रेलिंग लगाने की मांग

स्थानीय लोगों ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे पहले भी एक स्थानीय महिला ने इसी पुल से छलांग लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद यहां जालीदार रेलिंग नहीं लगाई गई। लोगों ने प्रशासन से पुल पर करीब दस फुट ऊंची रेलिंग लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके। घटना के बाद देर रात तक पुल और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही।

Related Topics: •