अग्निवीर ट्रेनिंग के दौरान सिरमौर के बेटे पंकज चौहान का निधन
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर की बागथन घाटी के बघार पावरी के बेटे पंकज चौहान पुत्र सतपाल सिंह का अग्निवीर ट्रेनिंग के दौरान निधन हो गया है। बता दें 9 मार्च 2004 को जन्में पंकज चौहान ने 28 फरवरी 2023 को जबलपुर में अग्निवीर के दूसरे बैच में ट्रेनिंग शुरू की थी। परिवार को बीती रात को बताया गया कि 2-3 दिन से पंकज की तबीयत ठीक नहीं थी।
अचानक ही पंकज की छाती में दर्द उठने से निधन हो गया है। वहीं पंकज के निधन से समूचे जिला में शोक की लहर है। वहीं जवान बेटे की मौत से परिजनों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रो कर बुरा हाल है। बता दें कि दिवंगत पंकज के छोटे भाई 17 वर्षीय विनित चौहान ने भी अग्निवीर के पद की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की हुई है।
शारीरिक परीक्षा शेष है। दिवंगत पंकज के पिता सतपाल सिंह खेती बाड़ी करते हैं, जबकि मां रीना देवी गृहिणी है। स्व. एवी पंकज चौहान ने 13 सप्ताह का प्रशिक्षण शुरू किया था। दिवंगत पंकज के चाचा प्रीतम चौहान ने कहा कि पार्थिव देह के आने को लेकर सटीक जानकारी नहीं है।
उनका कहना था कि बीती रात सूचना मिल गई थी। हालांकि, पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता, लेकिन माना जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में पंकज पहला ही नौजवान होगा, जिसने अग्निवीर के प्रशिक्षण के दौरान जीवन खोया है।