अज्ञात बाइक चालक ने सड़क किनारे चल रही महिला को मारी टक्कर, गई जान
HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब बाजार के मुबारिकपुर रोड पर एक बाइक ने महिला को टक्कर मार दी, हादसे में महिला की मृत्यु हो गई है। मृतका की पहचान 60 वर्षीय कौशल्या देवी पत्नी खुशी राम अंब कस्बे के रूप में हुई है।
वहीं महिला को टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कौशल्या देवी सड़क किनारे पैदल चलकर कहीं जा रही थी। इस दौरान जैसे ही वह अंब के मुबारिकपुर रोड़ पर बीएसएनएल एक्सचेंज के सामने पहुंची तो बाइक चालक ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में महिला बुरी तरह जख्मी हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्स्कों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी आशीष पठानिया ने की है।