अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, हादसे में आशा वर्कर की मौत
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे देखने को मिल रहे हैं। मामला जिला कांगड़ा में पुलिस चौकी रैहन का है। यहां एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक आशा वर्कर की मौत हो गई है। मृतका की पहचान सुभद्रा देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सुभद्रा सोमवार को धर्मशाला में आयोजित प्रदेश सरकार के एक साल के कार्यकाल पर आयोजित रैली में भाग लेने आई थी। जिसके बाद रात को करीब 9:30 बजे वह रैहन पहुंची। महिला का बेटा उसे बस स्टॉप पर लेने आया था। जिसके बाद वह अपने घर के लिए स्कूटी पर सवार होकर रवाना हो गए।
इस दौरान रास्ते में एक वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला बुरी तरह जख्मी हुई, जिस कारण उसने दम तोड़ दिया। वहीं सुचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू की। मामले की पुष्टि रैहन पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार ने की है।