अधिकारियों, कर्मचारियों की सकारात्मक सोच ही समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण- संजय अवस्थी
प्राप्त 65 शिकायतों में से 45 का निपटारा
HNN/सोलन
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि अधिकारियों तथा कर्मचारियों की सकारात्मक सोच ही नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण है। संजय अवस्थी अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हाटकोट में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि आमजन की शिकायतों के निपटारे के लिए सतत् क्रियाशील रहें। उन्होंने आग्रह किया कि वर्तमान सरकार की नवीन एवं रोज़गार परक योजनाओं को लक्षित वर्गों तक पहुंचाएं ताकि समय पर इनका लाभ उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि समस्याओं का निवारण निरंतर प्रक्रिया है और वह स्वयं प्रत्येक कार्यक्रम में यह सुनिश्चित बनाते हैं कि प्राप्त सभी शिकायतों का निपटारा हो।
उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए दी गई समयावधि का पालन करें। मुख्य संसदीय सचिव ने मान गांव की बिमला देवी के 02 वर्ष से लम्बित भूमि तक्सीम के मामले पर 15 फरवरी, 2024 तक कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायत डुमैहर में बी.पी.एल चयन प्रक्रिया में गलत लाभार्थी के चयन की जांच उपमण्डलाधिकारी अर्की को 15 दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायत कर्ता की पात्रता जांचने के निर्देश भी दिए। उन्होंने क्षेत्र के तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारियों को निर्देश दिए कि भूमि सम्बन्धी मामलों में निर्धारित नियमों का पूर्ण पालना सुनिश्चित बनाया जाए।
उन्होंने कोफरी गांव, जुबला गांव, हरदेवपुरा गांव, काहाली गांव तथा अप्पर बेहली सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पेयजल समस्या के निवारण एवं पेयजल समयसारणी सुनिश्चित बनाने के लिए जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने बरड बस्ती कुनिहार की उठाऊ पेयजल योजना के स्तरोन्नय के लिए प्रकालन अनुसार धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।