NDPS / पालमपुर के होटल से 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद, युवती समेत पांच गिरफ्तार
NDPS / कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पालमपुर के लोहना स्थित एक होटल में दबिश देकर 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने होटल के कमरे में मौजूद एक युवती और चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पालमपुर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान एक होंडा अमेज कार भी कब्जे में ली गई है।
पालमपुर
पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लोहना के समीप स्थित होटल में दबिश दी। होटल के एक कमरे में चार पुरुष और एक महिला मौजूद थे। तलाशी के दौरान हरियाणा के सिरसा जिले की कालावाली तहसील के बड़ागुढ़ा निवासी 32 वर्षीय दपिंदर सिंह के कब्जे से 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद टीम ने कमरे में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की।
कार कब्जे में लेकर जांच शुरू
पुलिस जांच के अनुसार, कमरे में मौजूद तीन अन्य युवक, एक युवती और होंडा अमेज कार संख्या एचआर 40जी 8849 भी इस मामले में शामिल पाए गए। इसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर चिट्टा और कार अपने कब्जे में ले ली। गिरफ्तार लोगों की पहचान दपिंदर सिंह, पालमपुर के आदित्य पठानिया, कबीर और प्रांशुल कपूर तथा मंडी जिले के संधोल क्षेत्र की ममता के रूप में हुई है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस पांचों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था। पालमपुर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।