FIR / ट्रिपल आईटी सलोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में रजिस्ट्रार से मारपीट, जांच शुरू
FIR / ऊना के ट्रिपल आईटी सलोह में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान संस्थान के रजिस्ट्रार से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, नशे की हालत में परिसर पहुंचे तीन लोगों में से एक ने रजिस्ट्रार का रास्ता रोककर उनसे धक्का-मुक्की और मारपीट की। इससे उनकी नाक और चेहरे पर चोटें आईं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऊना
पुलिस को दी शिकायत में ट्रिपल आईटी ऊना के रजिस्ट्रार रवि सैनी ने बताया कि वह नौसेना से सेवानिवृत्त कैप्टन हैं और वर्तमान में सलोह स्थित संस्थान में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। तीन अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे संस्थान परिसर में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक प्रोफेसर ने उन्हें सूचना दी कि तीन लोग नशे की हालत में संस्थान के भीतर आए हैं। इसके बाद रजिस्ट्रार अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे।
परिसर छोड़ने के आग्रह के बाद मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, रजिस्ट्रार और उनके सहयोगियों ने पहली पंक्ति में बैठे दो लोगों से उनके बारे में पूछा और उन्हें विनम्रता से संस्थान परिसर छोड़ने के लिए कहा। आरोप है कि रजिस्ट्रार जब अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे, तभी तीसरे व्यक्ति ने उनका रास्ता रोक लिया और धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर गाली-गलौज करने तथा उन्हें और उनके परिवार को धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शोर सुनकर वहां मौजूद लोग एकत्रित हुए और आरोपी को पीछे हटाया।
क्षेत्रीय अस्पताल में कराया गया उपचार
मारपीट के दौरान रजिस्ट्रार की नाक और चेहरे से खून निकलने लगा। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। पुलिस थाना हरोली के प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।