अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, एक की मौत, महिला समेत तीन जख्मी

By Ankita Published: 14 Oct 2023, 10:31 AM | Updated: 14 Oct 2023, 10:31 AM 1 min read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला के उपमंडल रोहड़ू के चिडग़ांव के रोहल इलाके में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक कार खाई में गिर गई। हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि महिला समेत तीन अन्य जख्मी हुए हैं।

सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मृतक की पहचान हंस राज (55) पुत्र वर्ज़न दास निवासी चिडग़ांव के तौर पर हुई है। मृतक हंस राज रोहल स्कूल में हिंदी का लेक्चरर था।

हादसे में बिहारी लाल (48) निवासी चिडग़ांव, प्रमिला (41) पत्नी निवासी हिंगोरी औऱ चालक रविन्द्र (41) निवासी चिचवाडी घायल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, रोहल स्कूल का स्टाफ कार में सवार होकर घर लौट रहा था। कार में एक स्कूल के दो शिक्षक, एक वाटर कैरियर (महिला) और एक स्थानीय व्यक्ति सवार था। इस दौरान रास्ते में कार (HP10A -9930) अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। डीएसपी रोहड़ू चमन कुमार ने हादसे की पुष्टि की है।

Tags: