Loading...

पांवटा साहिब-शिलाई सड़क पर दर्दनाक हादसा: पिकअप से टकराई बाइक, 26 वर्षीय युवक की मौके पर मौत; दूसरा गंभीर

Shailesh Saini • 50 Mins Ago • 1 Min Read

किशनकोट के पास हुआ हादसा, घायल 18 वर्षीय युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया

हिमाचल नाऊ पांवटा साहिब:

जिला सिरमौर में पांवटा साहिब-शिलाई सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा राजबन क्षेत्र में किशनकोट के पास हुआ, जहां बाइक आगे चल रही पिकअप से पीछे की ओर टकरा गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, जबकि घायल युवक का उपचार जारी है।

मृतक की पहचान विकेश (26) पुत्र रंगीलाल निवासी मालगी, राजबन के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल युवक गौरव (18) निवासी सिरमौरी ताल बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान किशनकोट के पास बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही पिकअप से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे की खबर मिलते ही विकेश के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कम उम्र में बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है।डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रही है।