Loading...

अनियंत्रित होकर खाई में गिरा टिप्पर, महिला समेत 3 की हुई मौत

Ankita • 7 May 2024 • 1 Min Read

HNN/ कुल्लू

जिला कुल्लू में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चनौन के गोशाला कैंची के पास एक टिप्पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा एक बच्ची बुरी तरह जख्मी हुई है।

मृतकों की पहचान जोगी राम (50) पुत्र नसरू राम गांव धारा डाकघर चनौन तहसील बंजार, किरना देवी (28) पत्नी केहर सिंह गांव जमाडीधार और चालक आही चंद (48) पुत्र परस राम गांव धारा डाकघर चनौन बंजार के रूप में हुई है। चार साल की गायत्री पुत्री केहर सिंह गांव जमाडीधार गंभीर घायल है। घायल बच्ची मृतक किरना देवी की बेटी है।

जानकारी के मुताबिक, एक टिप्पर सीमेंट और सरिया लेकर गांव मठियाना की ओर जा रहा था। इस दौरान गोशाला कैंची के पास अचानक बैक होने लगा और करीब 100 गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 3 लोग जख्मी हुए। एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घटना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को बंजार अस्पताल पहुंचाया गया।

एक व्यक्ति ने बंजार अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद कुल्लू रेफर कर दिया गया। इनमें से कुल्लू अस्पताल पहुंचने से पहले ही चालक की भी मौत हो गई। बच्ची गंभीर घायल है।

उसे कुल्लू रेफर किया गया है। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने हादसे में मृतकों के परिवारों को 20-20 हजार और घायलों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत राशि प्रदान की। डीएसपी बंजार शेर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।