अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी बोलेरो गाड़ी, एक व्यक्ति जख्मी
HNN/ कुल्लू
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला जिला कुल्लू में मणिकर्ण घाटी में बरशैणी से छह किलोमीटर दूर मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर घटीगढ़ का है, यहां एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ओम प्रकाश पुत्र सूरत राम निवासी तलपीणी भुंतर बोलेरो गाड़ी में सवार होकर कहीं जा रहे थे। गाड़ी को चालक होतम राम निवासी पीणी चला रहा था। इस दौरान घटीगढ़ में सड़क पर बेसहारा गाय अचानक ही आगे आ गई, जिसे बचाने की कोशिश में गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
गाड़ी में सवार दोनों ने गाड़ी से छलांग ली थी। हादसे में ओम प्रकाश जख्मी हुए जोकि पीणी और तलपीणी पंचायत के बीडीसी सदस्य है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।