Loading...

हादसा / नगरोटा बगवां में भीषण आग से मकान और सामान राख, परिवार के सामने बढ़ा संकट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Oct 2026 • 1 Min Read

हादसा / कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां की ग्राम पंचायत घोड़ब में वीरवार शाम राज कुमार के मकान में अचानक आग लग गई। इससे दो कमरों और रसोई में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जबकि आग की चपेट में आया रसोई गैस सिलेंडर भी फट गया। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था, इसलिए कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, अग्निकांड के बाद परिवार के सामने रहने और भोजन की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है।

कांगड़ा/नगरोटा बगवां

घोड़ब पंचायत के वार्ड नंबर-1 में मकान से भीषण लपटें उठती देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी वाहन सहित घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखे बिस्तर, खाना बनाने के बर्तन, राशन और अन्य सामान जल चुका था। परिवार की बेटी का विवाह अगले महीने तय है और घर में उसकी तैयारियां चल रही थीं। ऐसे समय में आग लगने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

प्रशासन ने दी 10 हजार रुपये की फौरी राहत

घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नगरोटा बगवां के तहसीलदार अशोक पठानिया ने प्रभावित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। उन्होंने पटवारी और कानूनगो को आग से हुए नुकसान का पूरा आकलन करने के निर्देश भी दिए हैं। तहसीलदार के अनुसार, नुकसान का सही आकलन होने के बाद परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। पूर्व विधायक अरुण कुमार कूका ने भी प्रशासन से प्रभावित गरीब परिवार को अधिकतम आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।

Related Topics: •