अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन भवन से टकराई बस, हादसे में 5 घायल
HNN/ मंडी
जिला मंडी के करसोग में एक सड़क हादसा पेश आया है, यहां एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक निर्माणाधीन भवन से टकरा गई। बता दें हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। वहीं, पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक निजी बस मंडी से करसोग की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक बस से संतुलन खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे एक निर्माणाधीन भवन से टकरा गई। बता दें बस में 22 लोग सवार थे। जिनमें से 5 लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल करसोग भर्ती करवाया गया है।
हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। मामले की पुष्टि एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।