अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिरी कार, दो घायल
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में उपमंडल बंजार के तहत आने वाले टील के छुनार में एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान खेमचंद (25) पुत्र मोहर सिंह गांव कोहलदी, डाकघर थाटीबीड़ और सेस राम (45) पुत्र शेर सिंह गांव गनेउली, डाकघर थाटीबीड के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेस राम टैक्सी से अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। इसी दौरान छुनार के पास पहुंचते ही चालक खेमचंद वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 100 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों कार सवार घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। एसपी साक्षी वर्मा द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि अब दोनों की हालत खतरे से बाहर है।