Accident / सड़क किनारे टायर की हवा जांच रहे ट्रक चालक को दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर, उपचार के दौरान मौत
Accident / नाहन में सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर टायर की हवा जांच रहे चालक को पीछे से आए दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाहन/दो सड़का
पांवटा साहिब से पानीपत जा रहा था ट्रक चालक
पुलिस के अनुसार आमिर निवासी गढ़ी दौलत, कैराना, जिला शामली उत्तर प्रदेश ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसका भाई मनव्वर ट्रक नंबर HR 67 F 2064 चलाता था। वह सुबह करीब पांच बजे पांवटा साहिब से पानीपत के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ ही दूसरा ट्रक HR 67 F 2243 भी पानीपत के लिए निकला था, जिसे साबिर निवासी चकवाली, रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर चला रहा था।
सड़क किनारे खड़ा कर जांच रहा था टायर
सुबह करीब साढ़े आठ बजे दो सड़का से आगे मनव्वर ने अपना ट्रक सड़क किनारे खाली स्थान पर खड़ा किया और टायर की हवा जांचने लगा। शिकायत के मुताबिक इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक HR 67 F 2243 ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मनव्वर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
चंडीगढ़ में उपचार के दौरान तोड़ा दम
घायल मनव्वर को उपचार के लिए पहले पीजीआई चंडीगढ़ और जीएमसी सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस थाना नाहन ने ट्रक चालक साबिर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।