Loading...

अब बहुतकनीकी संस्थानों में बिना प्रवेश परीक्षा भी ले सकेंगे दाखिला

Ankita • 7 Jun 2023 • 1 Min Read

HNN/ धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश बहुतकनीकी शिक्षा बोर्ड ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी है कि जो विद्यार्थी मई में हुई बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (पैट)-2023 में भाग नहीं ले पाए थे। अब उन अभ्यर्थियों को भी प्रवेश का मौका मिलेगा। यह मौका तीसरे चरण की होने वाली कॉउंसलिंग में दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड में इंजीनियरिंग कोर्सों में प्रवेश के लिए इसी माह से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी।

इस काउंसलिंग प्रक्रिया में मेरिट में आए बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। वहीं अगर पहले चरण की काउंसलिंग के बाद सीटें रिक्त बच जाती हैं तो तकनीकी शिक्षा बोर्ड दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया अमल में लाएगा।

अगर दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद भी सूबे के बहुतकनीकी संस्थानों में सीटें रिक्त बच जाती हैं तो तकनीकी शिक्षा बोर्ड तीसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया को अमल में लाएगा। इस प्रक्रिया में वे अभ्यर्थी भी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने मई में आयोजित बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा में भाग नहीं लिया था।

आरके शर्मा, सचिव, हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने बताया की पहले और दूसरे चरण की कॉउंसलिंग में मेरिट के आधार पर सीटें आवंटित की जाएगी। उसके बाद भी अगर सीटे खाली रह जाती हैं तो ऐसे अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा जो प्रवेश परीक्षा नहीं दे पाए थे।