Loading...

छपरोह में विधायक विवेक शर्मा ने किया ओपन जिम का उद्घाटन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता विवेक शर्मा ने छपरोह पंचायत में ओपन जिम का उद्घाटन कर इसे क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों को समर्पित किया। ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध होने से अब युवाओं को नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए बेहतर अवसर मिलेगा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।

इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए खेलकूद, व्यायाम और अन्य सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और खेल व व्यायाम युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। गांवों में ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित होने से युवा अपनी दिनचर्या में व्यायाम को शामिल कर सकेंगे। साथ ही, इससे स्थानीय लोगों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

विधायक ने छपरोह पंचायत के प्रधान नीरज ठाकुर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जनहित को प्राथमिकता देकर किए जाने वाले विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पंचायत स्तर पर लोगों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयासों की भी सराहना की। इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष विवेक मिंका, पूर्व अध्यक्ष राम आसरा शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Topics: • •