Loading...

अब शिमला में भी ड्रोन के माध्यम से स्वास्थ्य जांच के लिए उठाए जाएंगे सैंपल

Ankita • 7 May 2023 • 1 Min Read

जंगलों की निगरानी के लिए वन विभाग ने कारपोरेशन से खरीदे ड्रोन

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला के स्वास्थ्य क्षेत्र में ड्रोन की सेवा योजना को शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन के माध्यम से सूचीबद्ध की गई निजी कंपनियों से इस संदर्भ में सेवाएं लेने की तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही जिला शिमला में भी ड्रोन के माध्यम से स्वास्थ्य जांच के लिए सैंपल उठाए जाएंगे।

इसके लिए क्वार्ड, हैक्जा, ओक्टा और वीटॉर कॉप्टर ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पूरे प्रदेश में ड्रोन की सेवाएं लेने का फैसला लिया है। मंडी जिला में यह प्रयोग सफल रहा है। अब दूसरे चरण में जिला शिमला में इसका इस्तेमाल किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच के लिए सैंपल लेने को वीटॉल ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। यह ड्रोन लंबी दूरी की उड़ान भरने में सक्षम हैं। यह करीब 300 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में कारगर है। इन ड्राेन को स्वास्थ्य क्षेत्र में वैक्सीन, दवाइयां, खून के सैंपल और टेस्ट रिपोर्ट सहित अन्य सामग्री के आदान-प्रदान करने में प्रयोग किया जाएगा। इससे मरीजों को बेहतर और कम समय में सेवाएं मिलेंगी।

अपनी सेवाओं को और बेहतर करने के लिए वन विभाग, पर्यावरण विज्ञान एवं तकनीकी विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी ड्रोन का प्रयोग करने का फैसला लिया है। इन तीनों विभाग ने इलेक्ट्राॅनिक्स कारपोरेशन के माध्यम से ड्रोन की खरीद की है। वन विभाग जंगलों की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करेगा।