Loading...

अमेरिका से हिमाचल लाए जाने वाले 15 करोड़ के फलदार पौधे बागवानों के पास पहुंचने से पहले सूखे

Ankita • 19 Feb 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल में अब इटली की बजाए अमेरिका से फलदार पौधे आयात किए जाते है। गौरतलब है कि इटली से आयात किए गए सेब के पौधों में दिक्कतें आने के बाद अब हिमाचल सरकार ने इटली से पौधों के आयात पर रोक लगा दी है। वर्ष 2016 और 17 के बीच इटली से नए पौधे आयात किए गए थे, लेकिन भारत में लाकर जब उनका पीक्यू टेस्ट किया गया तो उसमें करीब 5 लाख 5 हजार पौधे सूखे पाए गए।

परंतु अब हिमाचल में अमेरिका से करीब 15 करोड के फलदार पौधे आयात किए गए थे जो कि बागवानों के पास पहुंचने से पहले ही सूख गए हैं। पूर्व भाजपा सरकार ने राज्य में बागवानी विकास के लिए सेब सहित अन्य फलदार पौधे अमेरिका से जुटाए थे। अधिकारियों के अनुसार बागवानी विभाग ने हिमाचल में बागवानी विकास के लिए करीब 40 करोड़ रुपए की राशि खर्च करके सेब और अन्य फलदार पौधे अमेरिका से आयात किए थे। पौधों के सूखने पर कई सवाल उठाए जाने लगे हैं।

विदेशों से आने वाले पौधों को तय समय तक क्वारंटीन करने के बाद बागवानों को फलदार पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं। इस दौरान अगर पौधों पर कोई वायरस या बीमारी पाई जाती है तो ये पौधे आगे नहीं भेजे जाते। पूर्व सरकार ने अमेरिका से जो पौधे आयात किए हैं, उसका पूरा डाटा सरकार ने फील्ड से जुटाना आरंभ कर दिया है ताकि यह मालूम हो सके कि पौधे सूखे कैसे।

बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि अमेरिका से आयात फलदार पौधों का पूरा डाटा फील्ड से जुटाया जा रहा है। इसके बाद सरकार जांच करेगी कि इन आयातित फलदार पौधों की क्या स्थिति है। ये पौधे किन कारणों से सूखे हैं।