अयोग्य घोषित कांग्रेस के 6 विधायकों को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत

Supreme-Court.jpg

विधायकों की याचिका पर अब इस दिन होगी अगली सुनवाई….

HNN/ शिमला

अयोग्य घोषित कांग्रेस के छह विधायकों की याचिका पर अब अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी। बता दें अयोग्य घोषित विधायकों को सुप्रीम कोर्ट ने अभी राहत नहीं दी है। कांग्रेस और भाजपा सहित देश और प्रदेश की जनता की नजरें भी सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।

बता दें कांग्रेस के अयोग्य घोषित हो चुके विधायक चैतन्य शर्मा, देवेंद्र कुमार भुट्टो, इंद्र दत्त लखनपाल, राजेंद्र राणा, रवि ठाकुर और सुधीर शर्मा की ओर से याचिका दायर की गई है। याचिका में कांग्रेस के बागियों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के साथ राज्य के संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान को भी पार्टी बनाया है।

मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय बेंच जस्टिस संजीव खन्ना, दीपांकर दत्ता और पीके मिश्रा ने पूछा कि अयोग्य घोषित विधायक हाईकोर्ट क्यों नहीं गए? हालात विधायकों ने उत्पन्न किए, तभी उन्हें अयोग्य घोषित किया गया।