अयोध्या में एनएसजी हब बनाने की तैयारी, सरकार ने इस वजह से लिया फैसला…
17 अप्रैल को अयोध्या पहुंचेगी एनएसजी टीम, राम जन्मभूमि व आस-पास की परखेगी सुरक्षा
केंद्र सरकार की ओर से अयोध्या में एनएसजी का हब बनाने की योजना तैयार की गई है। बताया जा रहा है कि एनएसजी हब में ब्लैक कैट कमांडो की तैनाती की जाएगी। इसी क्रम में एनएसजी की टीम 17 अप्रैल को अयोध्या पहुंच रही है।
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की टीम चार दिनों तक अयोध्या में रहकर राम जन्मभूमि व आस-पास की सुरक्षा परखेगी। यह टीम अयोध्या में 20 जुलाई तक रहेगी। अयोध्या में राममंदिर का निर्माण होने के बाद से आतंकी खतरे की आशंका बढ़ी है। इस प्रकार के खतरों से निपटने की योजना पर केंद्र सरकार काम कर रही है।
अभी रामनगरी में रामनवमी, सावन, कार्तिक परिक्रमा मेले में एटीएस की तैनाती की जाती है। राममंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब एसएसएफ संभाल रही है। इसके अलावा सीआरपीएफ व पीएसी को भी लगाया गया है। एसएसएफ के जवानों को एनएसजी की ओर से ही ट्रेनिंग दी गई है। स्पेशल फोर्स के 200 कमांडो अयोध्या में अभी सुरक्षा दे रहे हैं।
दरअसल, 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। हर रोज एक लाख से अधिक श्रद्धालु यहां दर्शन कर रहे हैं। ऐसे में यहां की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए जाने पर जोर दिया जा रहा है।