Loading...

Arrest / टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग केस में चार गिरफ्तार, सलमान खान के घर की रेकी का खुलासा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

Arrest / अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में दो महिला कुरियर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में तीन आरोपियों द्वारा अभिनेता सलमान खान के घर की रेकी किए जाने की बात भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, वहां पुलिस की तैनाती देखने के बाद आरोपी लौट गए थे। मुंबई पुलिस की सीआईडी ने अदालत की अनुमति से चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की है।

नई दिल्ली

गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल और सुमित के अलावा उत्तर प्रदेश की राधा और बबीता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में कुनाल की भूमिका अहम बताई जा रही है और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। जांच में सामने आया कि हरसाना गांव के एक दोस्त के माध्यम से उसकी मुलाकात अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच एक एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए बातचीत शुरू हुई।

हथियार मुंबई पहुंचाने का आरोप

जांच के मुताबिक, अनिल पंडित के निर्देश पर कुनाल अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात राधा से हुई और बाद में उसे हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया गया। 15 अक्टूबर को कुनाल, राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा। बताया गया है कि पिस्टल राधा के बैग में रखी थी और यात्रा के दौरान कुनाल ऐप के माध्यम से अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा।

पुलिस के मुताबिक, राधा और बबीता 17 अक्टूबर को मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया। जांच में बैग में रखे हथियार को फायरिंग की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। जांच के अनुसार, 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी।

आरोपियों की भूमिका की जांच जारी

फायरिंग के बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुनाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंस गए हैं और उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था करने को कहा। इसी दिन राधा और बबीता दादर से हरिद्वार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को दोनों महिलाओं को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुनाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया।

इसके बाद मुंबई पुलिस की सीआईडी ने अदालत से अनुमति लेकर चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। अदालत से आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड भी मिली है। मामले में हथियारों की आपूर्ति, उन्हें कथित शूटरों तक पहुंचाने की प्रक्रिया और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच जारी है। सलमान खान के घर की कथित रेकी से संबंधित पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

Related Topics: •