अवैध कटान मामले में वन विभाग की बड़ी कार्यवाही, सस्पेंड किए…
HNN / चंबा
जिला चम्बा के विधानसभा क्षेत्र चुराह के गूंगयास जंगल में अवैध कटान मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। विभाग ने इस मामले में बीट अफसर और वन रक्षक को सस्पेंड कर दिया है। दरअसल, बीते दिनों जंगल में वन निगम को देवदार के 1800 पेड़ों को काटने का लॉट जारी हुआ था। इसके चलते जंगल में पेड़ों को काटने का काम चल रहा था।
कटान के दौरान 1700 के करीब पेड़ काटे जा चुके हैं। कटान के दौरान लोगों ने वन विभाग के पास शिकायत दी कि जंगल में लॉट के अलावा अवैध रूप से देवदार के पेड़ काटे गए हैं। इसको लेकर मुख्य वन अरण्यपाल ने तुरंत मामले की जांच करने के लिए टीम गठित की और जंगल में पूरी तरह से जांच पड़ताल करने के आदेश दिए।
जांच में विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई, जिसके बाद संबंधित बीट अफसर और वन रक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है। उधर, मुख्य वन अरण्यपाल पुष्पेंद्र राणा ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्यवाही अमल में लाई गई है। मामले में आगामी जांच की जा रही है।