Loading...

अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती, खनन नियमों के उल्लंघन पर जेसीबी जब्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Mar 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

ऊना जिला प्रशासन का औचक निरीक्षण, अवैध खनन पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के तहत कार्रवाई

ऊना जिले में अवैध और अवैज्ञानिक खनन पर सख्ती बढ़ाते हुए उपायुक्त जतिन लाल ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह और खनन विभाग के अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घालूवाल क्षेत्र में स्वां नदी के समीप खनन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की और एक जेसीबी को जब्त किया।

प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की प्रशासन की जिम्मेदारी

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि जिले के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अवैध खनन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि स्थानीय समुदायों के लिए भी खतरा बनता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन लगातार निरीक्षण करेगा और सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।

स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील

उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि वे कहीं अवैध खनन जैसी गतिविधियाँ होते देखें तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। इससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी और प्राकृतिक संपदा की रक्षा की जा सकेगी।

हिमाचल सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति

हिमाचल प्रदेश सरकार ने अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश को नुकसान पहुंचाने वाली इस तरह की गतिविधियों पर पूरी सख्ती से कार्रवाई की जाए। वहीं, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिला प्रशासन को अवैध खनन की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी रखने और नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

Related Topics: