अवैध रूप से तस्करी कर ले जा रहे देवदार के स्लीपर बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

KHNN.jpg

HNN/मंडी

जिला मंडी के नाचन वन मंडल में वन विभाग की टीम ने एक जीप में तस्करी कर ले जाए जा रहे देवदार के 31 स्लीपर बरामद किए हैं। टीम ने लकड़ी और गाड़ी दोनों को जब्त कर वाहन मालिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों की पहचान देश राज पुत्र नागु राम निवासी सरन तहसील निहरी, जीप चालक व मालिक विवेक कुमार पुत्र मान सिंह निवासी जोहड़ और निशु पुत्र सुभाष निवासी नेहरा गाड़ा गुशैन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग नाचन की टीम को तस्करी की गुप्त सूचना पहले ही मिल गई थी। उसी के आधार पर विभाग की टीम ने बगस्याड के पास नाका लगाया। जिस दौरान बीते कल सुबह जंजैहली से चैलचौक की तरफ जा रही जीप को जब टीम ने तलाशी के लिए रोका तो उसमें से देवदार के 31 नग बरामद हुए। इस दौरान जब जीप चालक से लकड़ी संबंधी दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो जीप चालक कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।

लकड़ी की कीमत 2 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों का कहना है कि उन्होंने लकड़ी मगरू गला में किसी व्यक्ति से 60 हजार रुपए में खरीदी है। डीएफओ एसएस कश्यप ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग मामले की छानबीन कर रहा है। उन्होंने कहा कि कहां अवैध कटान किया गया है इसकी पड़ताल जारी है। वहीं अब पुलिस पेड़ काटकर लकड़ी बेचने वाले की तलाश कर रही है।