FIR / 13 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म का आरोप, दुकानदार के खिलाफ जांच शुरू
FIR / ऊना जिले के बंगाणा थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा ने एक दुकानदार पर कथित दुष्कर्म, अश्लील हरकतें करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 23 सितंबर को स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ गांव की एक दुकान पर सामान लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार उसे पकड़कर पास के एक कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर दिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि दुकानदार ने उसके साथ जबरदस्ती की और घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी।
शिकायत पेटी में पत्र मिलने के बाद सामने आया मामला
मामले का पता उस समय चला, जब छात्रा की छोटी बहन ने घटना से संबंधित एक पत्र स्कूल की शिकायत पेटी में डाल दिया। पत्र मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया और छात्रा से जानकारी मांगी। पूछताछ के दौरान छात्रा ने शिक्षकों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसने अपनी मां को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
परिजन 2 अक्तूबर को छात्रा को लेकर बंगाणा थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता की पहचान कानून के अनुसार गोपनीय रखी गई है।