Loading...

असम राइफल्स के जवान ने अपने साथियों पर की फायरिंग, 2 जवानों की मौत, खुद को भी गोली से उड़ाया

Ankita • 24 Jan 2024 • 1 Min Read

असम राइफल्स के एक जवान ने मंगलवार रात मणिपुर में अपने छह साथियों पर फायरिंग कर खुद को भी गोली मार ली, इस घटना में उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही दो जवानों की मौत हो गई है। पांच अन्य जवान जख्मी हुए है। अधिकारियों का दावा है कि इसका राज्य में चल रहे मौजूदा जातीय संघर्ष से कोई लेना-देना नहीं है।

पुलिस ने कहा कि यह घटना दक्षिण मणिपुर में म्यांमार सीमा के पास तैनात असम राइफल्स बटालियन में हुई। गोलीबारी की घटना में घायल हुए सभी मणिपुर के बाहर के रहने वाले हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सैन्य अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक अपने सहकर्मियों को गोली मारने से पहले शिविर स्थल पर उनके बीच तीखी बहस हुई थी। बहस के दौरान अचानक उसने अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें असम राइफल्स के पांच जवान गोली लगने से घायल हो गए। यह भी पता चला है कि दो जवानों ने चोटों के कारण दम तोड़ दिया।