Loading...

आईपीएस अधिकारी राकेश सिंह ने संभाला एसपी ऊना का पदभार

Ankita • 20 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/ ऊना

वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश सिंह ने 19 फरवरी को पुलिस अधीक्षक ऊना का पदभार ग्रहण कर लिया है। 50 वर्षीय राकेश सिंह मूलतः हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रहने वाले हैं तथा उन्हें हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग पदों पर विभागीय कार्य करने का लंबा अनुभव है।

राकेश सिंह ने पुलिस विभाग में वर्ष 2002 में हिमाचल पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में प्रवेश किया। उन्होंने काजा, बैजनाथ, पालमपुर तथा जवाली नामक स्थानों पर उप पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दीं जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने हमीरपुर तथा ऊना में विभागीय सेवाएं दीं।

जिला ऊना में एसपी का पदभार ग्रहण करने से पूर्व राकेश कुमार ने जिला हमीरपुर के बस्सी में पांचवी आईआरबीएन में कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे। जिला ऊना में एसपी का पदभार ग्रहण करने के अवसर पर अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए राकेश सिंह ने बताया कि नशा मुक्त ऊना, यातायात व्यवस्था का सुचारू संचालन, अवैध खनन की रोकथाम तथा कानून के प्रति आम व्यक्ति का भरोसा कायम करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि ऊना पुलिस बल को और अधिक सुदृढ करने के साथ साथ जिला के धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं के भेष में आने वाले असामाजिक तत्वों की रोकथाम के लिए भी विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम के दृष्टिगत पुलिस बलों का आधुनिकरण करना भी आज के समय की परम आवश्यकता है तथा इस ओर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।