Loading...

Asian Games 2026 / कबड्डी में गोल्ड जीतने वाली तीन हिमाचली खिलाड़ियों को एक-एक करोड़, सरकारी नौकरी भी देगी सरकार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 32 Mins Ago • 1 Min Read

20वें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ी पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को प्रदेश सरकार एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देगी। तीनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी उपलब्धियों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।

शिमला

मुख्यमंत्री से मिलीं गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी

भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी और हिमाचली टोपी तथा शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित करेगी, जिसमें घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

तीनों खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी

प्रदेश सरकार तीनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी देगी। मुख्यमंत्री के अनुसार जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में सेवाएं नहीं देना चाहेंगी, उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी। इससे खिलाड़ी अपने खेल करियर को जारी रखने के साथ प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने में भी योगदान दे सकेंगी।

रेणुका ठाकुर को भी मिलेंगे एक करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हिमाचली खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। इस तरह कबड्डी की तीन स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ रेणुका ठाकुर को भी प्रदेश सरकार एक-एक करोड़ रुपये प्रदान करेगी।

खेल नीति में बढ़ाई गई पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल नीति में संशोधन कर खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की है। इसके साथ प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

Related Topics: • •