Loading...

आईबी अधिकारी की हत्या करने वाले आरोपियों को मिली इतने दिन की न्यायिक हिरासत…

PARUL 17 Jun 2024 Edited 17 Jun 1 min read

HNN/चंबा

जिला चंबा के किहार में आईबी अरुण कुमार की हत्या के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को सोमवार को चम्बा अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

गौर हो कि अरुण कुमार जिला चम्बा के किहार में केंद्रीय गुप्तचर विभाग (आईबी) में इंटेलिजेंस अधिकारी के पद पर तैनात था। 11 जून को एक ढाबे पर शराब पी रहे अधिकारी और ढाबा संचालक राज कुमार के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। इसी बीच ढाबा संचालक ने रॉड से अरुण कुमार के सिर पर प्रहार किया जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए फोरेंसिक टीम के सहयोग से पुख्ता साक्ष्य जुटाते हुए मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी राज कुमार सहित मामले में संलिप्त अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें तीन दिन के रिमांड पर भेजा था।

सोमवार को आरोपियों की रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने दोबारा आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। रंजन शर्मा डीएसपी सलूणी ने बताया कि चारों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।