आग की भेंट चढ़ा ढाई मंजिला मकान, बुरी तरह झुलसे तीन लोग
HNN/ कुल्लू
हिमाचल में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। अब मामला जिला कुल्लू की बंजार घाटी की चकुरठा पंचायत के पटंदी गांव का है, यहां घासनी में लगी आग की चपेट में एक ढाई मंजिला मकान आ गया। इस दौरान आग बुझाते हुए तीन लोग बुरी तरह झुलसे है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, फगवाना गांव की तरफ से घासनी में अचानक आग भड़क उठी। इस दौरान ज्ञान चंद के एक ढाई मंजिला मकान भी आग की चपेट में आ गया। आग बुझाते समय ज्ञान चंद (50) के साथ अनु कुमार व दुनी चंद भी झुलस गए।
घटना के बाद सभी को बालीचौकी अस्पताल भिजवाया गया, गंभीर रूप से झुलसे ज्ञान चंद को बालीचौकी अस्पताल से नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे गई है। मकान जलने से लाखों का नुकसान हुआ है। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस भी जांच कर रही है।