Loading...

आग में जला आशियाना, लाखों का सपना राख में जलकर स्वाहा

PARUL • 8 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/कुल्लू

जिला कुल्लू में तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत तुंग के ठाहरी गांव में एक अग्निकांड पेश आया है। यहां ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि पीड़ित परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती शाम करीब छह बजे चार भाइयों हरि सिंह, प्रेम सिंह, शेर सिंह और मदन लाल के संयुक्त ढाई मंजिला मकान में अचानक चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट ले लिया। जब आग लगी तो उस समय घर में छोटे बच्चे ही मौजूद थे।

आग का धुआं उठता देख खेत में काम कर रहे परिवार के लोग घर की तरफ दौड़े। हालांकि बच्चे आग लगते ही बाहर आ गए थे। ग्रामीणों के आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा मकान जलकर राख हो गया।

आग की घटना के बाद चार परिवारों के 25 लोग खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। ग्राम पंचायत तुंग के उपप्रधान दिले राम ने कहा कि आग कैसे लगी, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि आग की घटना में करीब 15 लाख का नुकसान हुआ है।