HNN/ नालागढ़
सोलन स्थित नालागढ़ के नानोवाल में एक गौशाला आग की भेंट चढ़ गई। जिस समय गौशाला में आग लगी उस वक्त अंदर मवेशी बंधे थे। हालांकि परिवार के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत कर कुछ मवेशियों को तो बाहर निकाल लिया परंतु भैंस की 2 कट्टियां अंदर ही फंस गई जिस कारण उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार नानोवाल में एक गौशाला में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गौशाला को चपेट में ले लिया। गौशाला से आग की लपटें उठती देख परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए और अंदर बंधे मवेशियों को बाहर निकालने में जुट गए। इस दौरान 2 भैसों को तो जैसे-तैसे कर बाहर निकाला गया जबकि 2 कट्टियों की मौत हो गई।
खबर की पुष्टि करते हुए एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल ने बताया कि गौशाला में आग लगने की सूचना के बाद वह खुद घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि गौशाला में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी थी जिसमें 2 पशुओं की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 5 हजार की राशि प्रदान की गई है।

