Loading...

Accident / ज्वालापुर में ओवरटेक करते समय दो मोटरसाइकिलों की टक्कर, बच्चे और महिला समेत चार लोग घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Accident / पांवटा साहिब क्षेत्र के ज्वालापुर में बायोडीजल कंपनी के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। शिकायत के मुताबिक एक मोटरसाइकिल ने कार को तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के बाद सामने से अपनी दिशा में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मोटरसाइकिल चालक, एक बच्चा और एक महिला घायल हुए हैं। पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सिरमौर/पांवटा साहिब

कार को ओवरटेक करने के बाद सामने से आ रही बाइक से टक्कर

कांशीपुर निवासी अविनाश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 24 अक्टूबर को करीब सुबह 8 बजे अपनी गाड़ी से पांवटा साहिब से घर कांशीपुर जा रहा था। ज्वालापुर में बायोडीजल कंपनी के पास पहुंचने पर एक मोटरसाइकिल ने उसकी गाड़ी को पीछे से तेज रफ्तार में ओवरटेक किया। शिकायत के मुताबिक ओवरटेक करने वाली मोटरसाइकिल गलत दिशा में चली गई और सामने सतौन की ओर से अपनी साइड में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार लोग सड़क पर गिर गए।

बच्चे और महिला समेत चार को आई चोटें

पुलिस के अनुसार ओवरटेक करने वाली मोटरसाइकिल UP11CM-5919 को मनीष चला रहा था, जो सहारनपुर उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। दूसरी मोटरसाइकिल HP17D-0838 पर एक व्यक्ति, एक बच्चा और एक महिला सवार थे। दूसरी मोटरसाइकिल के चालक की पहचान रवि कुमार और बच्चे की पहचान तनवीर कुमार के रूप में हुई है। हादसे में दोनों मोटरसाइकिल चालक, बच्चा तनवीर और एक महिला घायल हुए हैं। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार लोग टोकियों सैनवाला, माजरा के निवासी बताए गए हैं।

मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पुरुवाला में मोटरसाइकिल चालक मनीष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Topics: • •