आग लगने से तीन कमरों का मकान और गौशाला जलकर राख, लाखों का नुकसान
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज के अंतर्गत भुक्कड़ पंचायत के गांव बैरी भटां में भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है, यहां आग लगने से तीन कमरों का स्लेटपोश मकान, गौशाला जलकर राख हो गए। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। वहीं इस घटना में पीड़ित परिवार को करीब 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गांव बैरी भटां के तीन भाइयों सुरेश कुमार, कमलेश कुमार व राकेश कुमार का पुराना रिहायशी मकान-गोशाला में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
पशुओं को समय रहते सही सलामत बाहर निकला लिया गया था। आग से मकान सहित अंदर रखी इमारती लकड़ी, घास व सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।