Loading...

आज तिहाड़ जेल में वापिस जाएंगे सीएम केजरीवाल

PARUL • 2 Jun 2024 • 1 Min Read

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज वापस तिहाड़ जेल जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें चुनाव प्रचार के लिए तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत दी थी, जो शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग पूरी होने के साथ ही खत्म हो गई।

सीएम केजरीवाल ने किसी गंभीर बीमारी का शक जताते हुए अदालत से मेडिकल ग्राउंड पर अंतरिम जमानत बढ़ाने की मांग की थी, हालांकि कोर्ट ने उनकी याचिका पर अपना आदेश 5 जून तक के लिए टाल दिया। मुख्यमंत्री 2 जून को शाम करीब तीन बजे तिहाड़ जेल जाने से पहले राजघाट स्थित महात्मा गांधी के स्मारक, डीडीयू मार्ग पर पार्टी कार्यालय और एक मंदिर का दौरा कर सकते हैं।

गौर हो कि सीएम केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से 10 मई को दी गई अंतरिम जमानत पर 1 जून तक के लिए जेल से रिहा किया गया था। केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वह जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए दो जून को अपराह्न तीन बजे के आस-पास घर से निकलेंगे।