आज होगी मेयर-डिप्टी मेयर की घोषणा, इनका बनना लगभग तय….
HNN/ शिमला
कांग्रेस शासित शिमला नगर निगम का महापौर और उप महापौर कौन होगा, इसकी घोषणा सोमवार सुबह की जाएगी। नगर निगम के नए पार्षदों की शपथ के साथ ही आज शहर को नया महापौर और उप महापौर भी मिल जाएगा।
मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय करने के लिए रविवार शाम पार्टी ने ओकओवर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक बुलाई थी।
शाम 5:00 बजे शुरू हुई इस बैठक में एक एक करके पार्षदों की राय ली गई। इस दौरान सभी महिला पार्षदों ने मेयर या डिप्टी मेयर में से एक पद महिलाओं को देने की बात कही।
कई महिला पार्षदों ने यहां तक कह दिया कि डिप्टी मेयर ही नहीं, मेयर के पद पर भी महिलाओं का दावा बनता है। इस बार सदन में 21 महिला पार्षद हैं, ऐसे में कोई एक पद जरूर महिला पार्षद को मिलना चाहिए।
कुछ महिला पार्षदों ने वरिष्ठता का ध्यान रखने को लेकर भी अपना पक्ष रखा। हालांकि, साथ ही यह भी कहा कि पार्टी जो भी नाम तय करेगी, वह मान्य होंगे।
सुरेंद्र का मेयर बनना लगभग तय
मेयर के पद पर छोटा शिमला पार्षद सुरेंद्र चौहान का बैठना लगभग तय माना जा रहा है। ओकओवर में बैठक के दौरान भी पार्टी नेताओं ने उनसे बात की। कुछ पार्षदों ने उन्हें बधाई भी दी।
सुरेंद्र चौहान ने सोमवार के लिए एक पार्टी भी रख दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि उनकी मेयर पद पर ताजपोशी तय है। डिप्टी मेयर का पद महिला को मिल सकता है।
सुबह 10:00 बजे फिर ओकओवर बुलाए पार्षद
बैठक के बाद मेयर और डिप्टी मेयर के नामों की घोषणा नहीं हुई। सोमवार सुबह 10:00 बजे सभी कांग्रेसी पार्षदों को ओकओवर बुलाया गया है।
यहां मेयर और डिप्टी मेयर के नामों की घोषणा होगी। यहां से सभी नवनिर्वाचित पार्षद उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित बचत भवन पहुंचेंगे। यहां पहले पार्षदों की शपथ होगी।