Loading...

आधार के जरिये घर बैठे बनेगा लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, नहीं लगाने होंगे आरटीओ के चक्कर

Ankita • 17 Apr 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की सभी प्रक्रिया ऑनलाइन होने के बाद अब लोगों को आरटीओ ऑफिस में बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इसके लिए अब ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है।

सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की डिजिटल सेवाओं के तहत प्रदेश के लोग आधार कार्ड की मदद से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बना सकेंगे। parivahan.gov.in पर जाकर अपने आधार कार्ड को वेरिफाई करना होगा।

वेबसाइट पर लाइसेंस बनाने के इच्छुक व्यक्ति से विकल्प पूछा जाएगा कि क्या वह लर्निंग ड्राइविंग टेस्ट ऑनलाइन माध्यम से देना चाहते हैं या कार्यालय आकर। ऑनलाइन माध्यम का विकल्प चुनने पर आधार के साथ लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा।

ओटीपी के माध्यम से लर्निंग ड्राइविंग टेस्ट के लिए स्लॉट बुक होगा। अपनी सुविधा के अनुसार आवेदक उपलब्ध स्लॉट में से टेस्ट देने के लिए दिन और समय का चयन कर सकेगा। इस सुविधा के जरिये न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि अतिरिक्त पैसे भी खर्च नहीं करने होंगे।

बता दें घर बैठे लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए आधार वेरिफिकेशन कराना जरूरी है, लेकिन अगर किसी के पास आधार कार्ड नहीं है तो वह आधार एनरोलमेंट स्लिप यानी आधार पंजीकरण की पर्ची दिखाकर भी इस सुविधा का लाभ ले सकता है।