Loading...

आभूषण चोरी करने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

PARUL • 22 Mar 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

राजधानी शिमला में ठियोग के मत्याना में आठ दिन पहले एक आभूषण की दुकान में हुई चोरी मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के हाथ आए 4 आरोपियों में 3 सोलन जिला और एक यूपी के गोरखपुर का है।

आरोपियों की पहचान मंजूर मोहद (41) निवासी गांव सियावा तहसील अर्की जिला सोलन, कालू राम (36) निवासी गांव बजनी तहसील कंडाघाट जिला सोलन, कमलेश उर्फकैलाश (36) निवासी गांव कलार तहसील अर्की जिला सोलन और मनसू (28) निवासी गांव मलाई टोला तहसील मटियारी जिला गोरखपुरए उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

आरोपियों के कई अन्य चोरियों की वारदातों में संलिप्तता पाई गई है। कई अन्य पुलिस स्टेशनों में भी इनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। बता दें मतियाना बाजार में स्थानीय निवासी सुरेश की आभूषण की दुकान है। बीते 10 मार्च की रात सुरेश दुकान बंद करके घर चले गए थे, लेकिन 11 मार्च की सुबह उनको जानकारी मिली कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और दुकान से डेढ़ किलो चांदी और 5 ग्राम सोने के जेवर गायब मिले।

दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज व अन्य जानकारी प्राप्त कर पुलिस ने चोरी में संलिप्त सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात व घटना में प्रयुक्त एक ऑल्टो कार भी जब्त की गई है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने आरोपियों को गिरफ्तारी की पुष्टि की है।