आयुर्वेदिक अस्पताल के गेट पर फंदे से लटका मिला सब्जी विक्रेता, क्षेत्र में सनसनी
देर रात की घटना, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।
जिला मुख्यालय नाहन में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब श्री रेणुकाजी क्षेत्र के देवना निवासी एक व्यक्ति का शव आयुर्वेदिक अस्पताल के मुख्य गेट पर फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान जगत सिंह निवासी देवना, श्री रेणुकाजी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने सुबह अस्पताल गेट पर एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जीतराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर मौके का निरीक्षण किया तथा पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।
बताया जा रहा है कि मृतक नाहन के दिल्ली गेट क्षेत्र में आयुर्वेदिक अस्पताल के नीचे सब्जी बेचने का काम करता था और स्थानीय लोगों के बीच परिचित चेहरा था। प्रारंभिक स्तर पर यह भी चर्चा है कि मृतक कुछ समय से आर्थिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रहा था। उस पर कुछ देनदारियां भी बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार वह शराब का सेवन भी करता था। हालांकि पुलिस ने इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मामले की पुष्टि करते हुए सदर थाना पुलिस ने बताया कि शव बरामद होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई है तथा मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।